अमरोहा। पति के दूसरी शादी का विरोध करना विवाहिता को भारी पड़ गया। नाराज पति ने पहली पत्नी व पांच बच्चों को मारपीट करके घर से निकाल दिया। एसपी के आदेश पर कोतवाली डिडौली पुलिस ने पति समेत छह पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला गांव व थाना डिडौली से जुड़ा है। यहां के ताबिल हुसैन ने अपनी बेटी मुस्कान की शादी 18 साल पहले जनपद रामपुर के थाना स्वार क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी आजम के साथ की थी। चार साल पहले पति आजम ने चरनजीत कौर उर्फ अलीनों का धर्मातरण कर निकाह कर लिया तथा उसके साथ ही रहने लगा। उसने पहली पत्नी मुस्कान व अपने पांच बच्चों को खर्च भी देना बंद कर दिया। पंद्रह दिन पहले मुस्कान को अपने पति की दूसरी शादी की जानकारी हुई तो उसने विरोध किया।
गुस्साए पति व ससुराल वालों ने मारपीट कर पांचों बच्चों समेत उसे घर से निकाल दिया। दहेज में मायके से दो लाख रुपये लाकर देने को कहा। वह मायके आकर रहने लगी। 26 सितंबर की शाम को पति व उसके परिजनों ने उसके मायके में आकर मारपीट की। उसने थाने पर तहरीर दी मगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उसने एसपी आदित्य लांग्हे से कार्रवाई की मांग की थी। जिस पर एसपी ने रिपोर्ट दर्ज के आदेश दिए। प्रभारी निरीक्षक प्रवेज चौहान ने बताया कि एसपी के आदेश पर आजम, आसिफ, मिस्कीन, मोहम्मद अहमद, चरनजीत व मुशाहित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।