जिले में बुधवार रात शुरू हुई बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी है। इसके चलते कई जगह मकान गिर गए। नौगांवा सादात के मोहल्ला नई बस्ती में भी कच्चा मकान भर-भराकर गिर पड़ा। मलबे में छह भाई-बहन दब गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने हारिश (13) को मृत घोषित कर दिया। जबकि, दो बहनों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हादसे के बारे में जानकारी ली।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी शकील हरियाणा के पानीपत में रुई की फैक्टरी में मजदूरी करते हैं। शकील के परिवार में पत्नी शबनम और छह बच्चे हरीश (13), रहमीना (12), अलफिजा (8), सालिया (6), अदनान (4) माहिरा (2) हैं। पांच दिन पहले ही शकील मजदूरी करने पानीपत गए थे। उनकी पत्नी शबनम और बच्चे घर पर थे। मोहल्ले के बीचों-बीच शकील का कच्चा मकान है। बुधवार रात से जिले में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। इसके चलते कई मकान की नींव कमजोर हो गई।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे शकील के बच्चे घर में थे। जबकि, पत्नी शबनम घर के आंगन में बर्तन साफ कर रही थी। तभी, अचानक मकान भर-भराकर गिर पड़ा। हारिश, रहमीना, अलफिजा, अदनान, सालिया व माहिरा मलबे में दब गए। मकान के गिरते ही शबनम में शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने हारिश को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल अलफिजा और सालिया को हायर सेंटर रेफर किया गया। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। जबकि, अदनान, माहिरा, रहमीना का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। एसडीएम बृजपाल सिंह हलका लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हाल जाना। एसडीएम ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को सौंपी गई है। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।