हसनपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कैंपस में वार्ड ब्वाय समेत परिवार के सात लोगों में हुई संक्रमण की पुष्टि की बाद विभागीय अधिकारियों में खलबली मची है। सीएचसी को हॉस्पॉट बनाया गया है। मुख्य गेट बंद कर दिया गया है। सभी तरह की चिकित्सीय सेवाएं बंद कर दी गई हैं। सीचएसी व ब्लॉक समेत छह स्थानों पर हॉटस्पॉट बनाया गए हैं।
बुधवार शाम को आई रिपोर्ट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कैंपस में रहने वाले आठ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा दो ब्लॉक कर्मियों में भी संक्रमण पाया गया था। संक्रमितों को उपचार के लिए वेंक्टेश्वर ले जाया गया है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को हॉटस्पॉट बना दिया। चिकित्साधीक्षक डा. अमित बरू ने बताया कि सीएचसी को हॉटस्पॉट रहने तक की अवधि में इमरजेंसी, ओपीडी व डिलीवरी समेत तमाम सेवाएं बंद कर दी गई हैं। केवल कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेने का कार्य किया जा रहा है। बताया कि यहां से डिलीवरी ढबारसी सीएचसी में ट्रांसफर कराया गया है, जबकि इमरजेंसी को गजरौला सीएचसी ट्रांसफर किया गया है। सीएचसी, ब्लॉक समेत छह स्थानों को हॉटस्पॉट बनाया गया है। बुधवार रात को दूसरी लिस्ट में एक पूर्व स्वास्थ्य कर्मी में संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि गुरुवार को भी तीन लोगों में संक्रमण पाया गया। उनके संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कराई जा रही है।