mobile tower on wheels in dehradun
- फोटो : amar ujala
परिजनों से शराब के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज हिस्ट्रीशीटर ने ‘वीरू’ का रूप ले लिया और मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। उसे टॉवर पर चढ़ा देख लोग इकट्ठा होने शुरू हो गए। थोड़ी देर में तमाशा देखने वालों की भीड़ लग गई। जैसे ही लोग उसे उतारने के लिए टॉवर पर चढ़ते वैसे ही वह और ऊपर चला जाता। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा। भीड़ हटने के बाद मौका पाकर वह उतर कर फरार हो गया।
थाना क्षेत्र के जीरखी गांव निवासी चरन सिंह थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वह बुधवार की सुबह उसने शराब पीने के लिए परिजनों से रुपये मांगे तो उन्होंने साफ इंकार कर दिया। इसके बाद वह नाराज होकर घर से चला गया। करीब नौ बजे गांव के ही मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। गांव के लोगों ने उसे टॉवर पर देखा तो अचंभे में रह गए।
हिस्ट्रीशीटर युवक के टॉवर पर चढ़ने की खबर गांव और आसपास फैल गई। तमाशबीन लोग इकट्ठा होना शुरू हो गए। बताते हैं कि जैसे ही लोग उसे उतारने के लिए ऊपर चढ़ते वह और ऊपर चला जाता। जिस पर कुछ लोगों ने युवकों को टॉवर पर चढ़ने से रोक दिया। बताते हैं कि पता लगते ही उसका मां भी पहुंच गई। उससे नीच उतरने को कहा। सूचना पाकर थानाध्यक्ष उपेंद्र यादव पुलिस के साथ गांव पहुंचे।
टॉवर के आसपास मौजूद भीड़ को पुलिस ने खदेड़ दिया। पुलिस और भीड़ चले जाने के काफी देर बाद हिस्ट्रीशीटर टॉवर से नीचे उतरा। थानाध्यक्ष उपेंद्र यादव ने बताया कि युवक को उसके परिजनों ने जमीन जायदाद से बेदखल कर रखा है। शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो वह टॉवर पर चढ़ गया। भीड़ और पुलिस हट जाने के बाद अपने आप उतर कर चला गया।