मैत्री मैच में हिंदू काॅलेज मुरादाबाद की टीम ने जेएस हिंदू पीजी काॅलेज अमरोहा की टीम को 29 रनों से हरा दिया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
जेएस हिंदू पीजी कॉलेज अमरोहा और हिंदू कॉलेज मुरादाबाद के शिक्षकों के बीच 20-20 ओवरों का मैत्री मैच खेला गया। मैच का आयोजन सोमवार की दोपहर 2 से कैलसा रोड स्थित जेएस हिंदू पीजी काॅलेज के साइंस कैंपस के मैदान में हुआ। हिंदू कॉलेज मुरादाबाद के प्राचार्य व टीम के कप्तान एसवी रावत ने पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी की। उनकी टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 140 रन बनाए। प्राचार्य एसवी रावत ने कप्तानी भरी पारी खेलते हुए 35 रन बनाए। जेएस हिंदू पीजी कॉलेज अमरोहा की ओर से डॉ. देवेंद्र, डॉ. सचिन, डॉ. अरविंद और डॉ. शिव मदन ने दो-दो विकेट झटके। लक्ष्य हासिल करने मैदान में उतरी जेएस हिंदू पीजी कॉलेज अमरोहा की टीम 16 ओवरों में केवल 115 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस टीम के कप्तान व कॉलेज प्राचार्य डॉ वीरेंद्र सिंह ने 22 रनों की पारी खेली। जबकि सबसे अधिक डॉ योगेंद्र सिंह 24 रन बनाए और डॉ विजय सिंह ने भी 18 रनों का योगदान दिया। इस तरह हिंदू कॉलेज मुरादाबाद की टीम ने अमरोहा को 29 रनों से हरा दिया।