हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव गुलामपुर में बच्चों को लेकर शुरू हुए विवाद में बड़ों के बीच भी लाठी डंडे चल गए। सरकारी अध्यापक समेत पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
गांव गुलामपुर निवासी देवेंद्र सिंह बेसिक शिक्षा विभाग मेें अध्यापक है। उसकी तैनाती जनपद सीतापुर में चल रही है। होली के त्योहार पर देवेंद्र सिंह अपने घर आए हुए थे। बताते हैं कि शनिवार को देवेंद्र सिंह के बेटे के साथ मोहल्ले के अन्य बच्चों का विवाद हो गया था। यह विवाद रविवार को फिर तूल पकड़ गया। बच्चों का झगड़ा बड़ों तक पहुंच गया। जमकर लाठी डंडे चले। पथराव भी हुआ। मारपीट में अध्यापक देवेंद्र सिंह, संजय, कोसिंद्र, राहुल, भगवत घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से गंभीर हालत में अध्यापक देवेंद्र को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।