अमरोहा। माफिया मुख्तार अंसारी की हार्ट अटैक से मौत के बाद हाई अलर्ट का असर अमरोहा में भी देखने को मिला। जुमे की नमाज के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा बरती गई। खुफिया तंत्र भी सतर्क रहा। सुरक्षा के लिहाज से डीएम और एसपी अधीनस्थों से पल-पल की अपडेट लेते रहे।
माफिया मुख्तार अंसारी की मौत के बाद अमरोहा जिले में भी अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार रात प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी थी। जुमे की नमाज के दौरान जामा मस्जिद पर पुलिस अलर्ट रही। संवेदनशील इलाकों में रूट मार्च किया। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। रात में माफिया मुख्तार अंसारी की मौत की खबर के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि जिले में अलर्ट घोषित कर पुलिस को चौकन्ना रहने का निर्देश दिया गया है। माहौल शांतिपूर्ण है। केवल सतर्कता के लिहाज से फोर्स का मूवमेंट बढ़ाया गया है। सोशल मीडिया सेल को भी निगरानी की जा रही है।