अमरोहा। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट है। कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहता है। इस बार 910 मतदान केंद्र सीसीटीवी कैमरे से लैस हैं। निगरानी के लिए आधुनिक कंट्रोल रूम अमरोहा में बनाया गया है, जहां से सभी मतदान केंद्रों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। साथ ही वीडियो फुटेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर गैंगस्टर या रासुका के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में सकुशल संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। ऑपरेशन दृष्टि के तहत अमरोहा पुलिस ने 910 मतदान केंद्र के आस-पास अच्छी गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आधुनिक रूप से तैयार किए गए कंट्रोल रूम अमरोहा से मतदान के दिन सभी मतदान केंद्र के इर्द-गिर्द सीसीटीवी कंट्रोल रूम के जरिए निगरानी रखी जाएगी।
इसके साथ ही किसी भी असामाजिक तत्वों के मतदान केंद्र के आसपास दिखाई देने पर रियल टाइम में अलर्ट भेजकर फौरन कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मतदान केंद्र या उसके आसपास किसी भी प्रकार का उपद्रव करने की मंशा रखने वालों के खिलाफ सीसीटीवी कैमरे के जरिए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य/रिकॉर्डिंग एकत्र कर संपूर्ण वैधानिक कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट, रासुका के अंतर्गत की जाएगी। मतदान केंद्रों के आस-पास भीड़ और प्रत्येक गतिविधि पर लाइव नजर रखी जाएगी।