क्षेत्र के गांव निवासी किसान ने लड़की वालों को 14 लाख रुपये देकर बेटे की शादी कराई, लेकिन डेढ़ साल बाद ही उनकी बहू चली गई। आरोप है कि बहू के मायके वाले उसकी दूसरी जगह शादी करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
हसनपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान शुक्रवार को थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। किसान के मुताबिक उन्होंने साल 2024 में अपने बेटे की शादी रहरा थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के साथ की थी। उन्होंने शादी करने से पहले लड़की के पिता 14 लाख रुपये लिए थे। शादी के बाद से बेटे की बहू घर में हंसी खुशी रह रही थी।
किसान के मुताबिक शुक्रवार को विवाहिता अपने ससुर और सास के साथ अपने मामा के घर कोतवाली क्षेत्र के ही एक गांव में मिलने का बहाना बनाकर आई थी, लेकिन वापस नहीं आई। आरोप है कि यहां से विवाहिता को उसके ममेरे भाई जबरन उसके मायके ले गए। लड़की के पिता ने अब अपनी बेटी को ससुराल भेजने से मना कर दिया है।
सोने-चांदी के जेवर व नकदी भी ले गई
आरोप है कि विवाहिता की दूसरी जगह शादी करने की तैयारी की जा रही है। किसान के परिजनों का बहू पर आरोप है कि वह अपने साथ सोने की हंसली, सोने की जंजीर, कानों के कुंडल सोने के, हाथों की चूड़ी सोने की, चांदी की पायल, सोने की अंगूठी और पांच हजार रुपये अपने साथ ले गई है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।