अमरोहा। रेलवे की टॉवर वैन की चपेट में आने से हुई इंजीनियरिंग के छात्र की मौत के मामले में इंस्टाग्राम पर वायरल पोस्ट के स्क्रीन शॉट से हादसे की असल वजह सामने आई है। उसमें लिखा है कि प्रेमिका ने बेवफाई की, जिससे आहत होकर वह खुदकुशी कर रहा हूं। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या को लेकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन परिजनों ने कोई कार्रवाई नहीं कराई है।
शनिवार सुबह नगर कोतवाली क्षेत्र के बंबूगढ़ निवासी चंद्रपाल सिंह के बेटे आदित्य की कल्याणपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे की टॉवर वैन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। वह जनपद मुरादाबाद के लोदीपुर स्थित एक यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने उस समय बताया था कि आदित्य की मौत मोबाइल पर बात करते समय रेल लाइन पार करते हुए दिल्ली की तरफ से आ रही टॉवर वैन की चपेट में आने से हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया था। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया था। लेकिन, आदित्य ने मौत से कुछ मिनट पहले ही अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की थी। इसमें उसने अपनी मौत की वजह प्रेमिका की बेवफाई को बताया था। पोस्ट का स्क्रीन शॉट तेजी से वायरल हुआ तो पुलिस मामले की जांच में जुट गई। वहीं, परिजनों की ओर से इस मामले में कोई भी कानूनी कार्रवाई के लिए पहल नहीं की गई है। कोतवाली प्रभारी प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। परिजन अगर तहरीर देते हैं तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
-