अमरोहा। भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी बेटी आयरा के साथ बनाई गई एक रील है। इसमें मां-बेटी के बीच इश्क, जन्नत और जहन्नुम को लेकर संवाद दिखाया गया है। सोमवार को फेसबुक पर वीडियो पोस्ट करने के कुछ ही घंटों में हजारों लोगों ने इसे पसंद किया, लेकिन इसके संवाद को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं। कई यूजर्स ने हसीन जहां को ट्रोल करते हुए बेटी को विवादों से दूर रखने की नसीहत दी।
वायरल वीडियो में बेटी आयरा अपनी मां से कहती हैं, बताइए खातून, क्या मसला है आपका? इस पर हसीन जहां जवाब देती हैं, मुझे इश्क हुआ है। बेटी कहती हैं, अस्तगफिरुल्लाह, अस्तगफिरुल्लाह... जहन्नुम में जाना चाहती हैं आप। इस पर हसीन जहां कहती हैं, मौलवी साहब, आपसे हुआ है। इसके जवाब में आयरा बोलती हैं, माशाल्लाह, माशाल्लाह... सीधा जन्नत में जाना चाहती हैं आप। संवाद के बाद बेटी अपनी मां को प्यार भी करती नजर आती हैं।
फेसबुक पर पोस्ट किए गए इस वीडियो को कुछ ही घंटों में करीब 4600 लोगों ने लाइक किया। वहीं, 92 लोगों ने कमेंट किए और 32 लोगों ने इसे आगे साझा किया। वीडियो में बेटी के साथ इस्तेमाल किए गए संवाद को लेकर कुछ यूजर्स ने नाराजगी जताई। कुछ लोगों ने इसे सामान्य मनोरंजन बताते हुए हसीन जहां का समर्थन किया, जबकि आलोचना करने वालों ने सवाल उठाए कि बच्चों को इस तरह के कंटेंट का हिस्सा क्यों बनाया जा रहा है। कई फॉलोअर्स ने बेटी को इस तरह की चर्चाओं और विवादों से दूर रखने की सलाह दी। इस तरह रील को लेकर हसीन जहां एक बार फिर सोशल मीडिया में सुर्खियों में आ गई हैं। पहले भी शमी और हसीन जहां का विवाद सुर्खियों में रह चुका है।
-
शमी से विवाद के बाद अब राजनीति में भी आमने-सामने होने के संकेत
मोहम्मद शमी और हसीन जहां का विवाद वर्ष 2018 में सार्वजनिक रूप से सामने आया था। इसके बाद दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का लंबा दौर चला। यह मामला समय-समय पर सोशल मीडिया और क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बनता रहा है। हाल ही में शमी की राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद अमरोहा की राजनीति में भी चर्चाएं तेज हो गई थीं। शमी या उनके बड़े भाई हसीब अहमद के वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उतरने की अटकलें लगाई जाने लगी हैं। इसके बाद हसीन जहां ने भी चुनाव लड़ने का एलान करते हुए कहा था कि यदि शमी या उनके परिवार का कोई सदस्य अमरोहा से चुनाव लड़ता है तो वह भी उसके खिलाफ मैदान में उतरेंगी। टिकट नहीं मिलने की स्थिति में निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात भी कही थी। इसके बाद 31 अक्तूबर को शमी ने हसीन जहां के चुनाव लड़ने के एलान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि जिसे जहां से चुनाव लड़ना है, वह लड़े। उन्हें कोई एतराज नहीं है। हालांकि, शमी ने खुद के चुनाव लड़ने को लेकर कोई घोषणा नहीं की थी।