hasanpurs man died in haridwar
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर (अमरोहा)। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक की हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना से परिजनों में कोहराम मचा है। वह हरिद्वार में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।
बताते हैं कि गांव मटीपुरा निवासी स्वर्गीय राजेंद्र शर्मा का बेटा आलोक शर्मा (22) दो वर्ष से हरिद्वार में स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। हरिद्वार के नजदीक सिडकुल थाना क्षेत्र के कस्बे में किराये के कमरे में अपने एक साथी के साथ रहता था। साथी एक दिन पहले से ही कहीं गया हुआ था। सोमवार सुबह को संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। आलोक का शव उसके ही कमरे से बरामद किया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। देरशाम उसका शव गांव लाया गया। अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है। बताते हैं कि आलोक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। दूसरे नंबर के एक भाई की करीब दस वर्ष पहले मौत हो चुकी है। दो बहनों की शादी हो चुकी है। आलोक की अभी शादी भी नहीं हुई थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।