साइबर अपराधी ने ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) की इंस्टाग्राम आईडी हैक कर शिकार बनाने की कोशिश की। आरोपियों ने वीडीओ के दोस्तों को फोन कर रुपये मांगे। जानकारी होने पर उन्होंने अपनी आईडी बंद कर ली।
ब्लॉक में तैनात राहुल कुमार राणा ग्राम विकास अधिकारी हैं। उन पर फौंदापुर, नगला माफी, वारसाबाद सहित कई गांव हैं। उनकी इंस्टाग्राम पर आईडी है। वीडीओ का कहना है कि रविवार को साइबर अपराधी ने उनकी आईडी हैक कर ली। उनके दोस्तों से बहुत जरूरी काम बताते हुए रुपये मांगे। किसी से एक हजार तो किसी से दो हजार रुपयों की मांग की गई। दोस्तों ने उनको फोन कर जानकारी ली कि रुपयों की जरूरत किस लिए है। जिस पर उनको साइबर अपराधी द्वारा आईडी हैक करने और ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की जानकारी हुई। इस पर उन्होंने अपनी आईडी बंद कर दी। साथ ही दोस्तों को फोन कर कहा कि किसी को रुपये न दे। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।