अमरोहा। पिता की मौत के बाद आठ साल की बच्ची से भीख मंगवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दादी, चाचा और फूफा उससे भीख मंगवाते हैं। मामले में बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये मामला नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां पर रहने वाले किसान की मौत हो चुकी है। उसके परिवार में पत्नी के अलावा आठ साल की बेटी है। विधवा का आरोप है कि सास, देवर और ननदोई उसके पति पर दो लाख रुपये उधार होने की बात कहते हैं। जबकि पति ने कभी उधार लिए रुपयों के बारे में नहीं बताया। आरोप है की तीनों जबरदस्ती रुपये मांगते हैं और विरोध करने पर आठ साल की बेटी से भीख मंगवाते हैं। 10 जुलाई की दोपहर दो बजे तीनों घर आए और बेटी का अपहरण कर कार में डाल लिया। पीड़िता के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और बच्ची को छुड़ाया। पीड़िता ने बेटी से भीख मंगवाने का आरोप लगाया है। वहीं मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सास, देवर और ननदोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।