अमरोहा। बसपा सांसद कुंवर दानिश अली ने कहा कि 15 लाख लोगों के जांच की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की थी। सरकार को गलती को स्वीकार करना चाहिए। हालात बिगड़ने के बाद बिना किसी योजना के लॉकडाउन कर दिया। इसके चलते 40 करोड़ मेहनतकश भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। इन लोगों को प्रति महीना 5000-5000 रुपये दिया जाए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद दानिश को जन्मदिन की बधाई दी है।
सांसद दानिश अली ने कहा कि देेश में कोरोना की दस्तक जनवरी में हो गई थी। विपक्ष ने केंद्र सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया, लेकिन बहुमत के अहंकार में गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाया। जिसके चलते अब 130 करोड़ लोग को चुकानी पड़ रही है। सर्वाधिक असर बेघरों, प्रवासी मजदूरों, दिहाड़ी मजदूरों, ठेका मजदूरों, निर्माण मजदूरों, दैनिक मजदूरों पर है। लॉकडाउन से रोजी रोटी का जरिया समाप्त हो गया है। प्रवासी मजदूरों के गांव वापसी की कोई योजना नहीं बनाई है। अंत्योदय को रेखांकित करने का काम नहीं किया गया।