अमरोहा। प्रवक्ता जीआईसी प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में कुल 2189 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा एक ही पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जबकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी भी की जाएगी।
जिले में परीक्षा के लिए पांच केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमरोहा, राजकीय इंटर कॉलेज अमरोहा, जेएसएच इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू पीजी कॉलेज ब्लॉक-ए तथा जेएस हिंदू पीजी कॉलेज ब्लॉक-बी शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों पर समय से प्रवेश सुनिश्चित कराने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।