ससुराल वालों ने विवाहिता को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। विरोध करने पर मारपीट की। बेटी के उत्पीड़न की जानकारी होने पर पहुंचे पिता के सामने ही पति ने मारपीट की और तीन तलाक देकर रिश्ता तोड़ लिया। इस मामले में विवाहिता की शिकायत पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
नगर कोतवाल के मोहल्ला छेबड़ा निवासी फजीलत की शादी दो साल पहले मोहल्ला दानिशमंदान बाइपास निवासी शाहरुख के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में फजीलत को दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे थे। दहेज में दो लाख रुपये और बाइक की मांग करते थे। इस मामले में दोनों पक्षों के बीच कई बार समझौता कराया गया। लेकिन ससुराल वालों का रवैया नहीं सुधरा।
शुक्रवार की दोपहर भी ससुराल वालों ने विवाहिता के साथ मारपीट की। लिहाजा पीड़िता ने अपने पिता को बुला लिया। पिता बेटी के घर पहुंचे तो ससुराल वालों ने उनके साथ भी फजीलत को पीटा और पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। जिसके बाद पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ विजय कुमार राणा ने बताया कि इस मामले में पति शाहरुख, कमाल, शाहीन व रुखसार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।