हसनपुर। जनता युद्ध का दंश झेल रही है। हसनपुर में पुरानी गैस एजेंसी पर पांच दिन से गैस का वितरण नहीं हुआ है। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, शादी के लिए भी लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
हसनपुर में सबसे बड़ी गैस एजेंसी पुरानी गैस एजेंसी है। जिस पर सबसे ज्यादा उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। बताते हैं कि आखिरी बार नौ अप्रैल को उस गैस एजेंसी पर गैस का वितरण किया गया था। इसके बाद से लगातार उपभोक्ता एजेंसी पर पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें गैस मुहैया नहीं हो पा रही है। वहीं सचिन गैस एजेंसी पर मंगलवार को गैस का वितरण हुआ। जब पुरानी गैस एजेंसी पर गैस नहीं मिलती तो उपभोक्ताओं की भीड़ दूसरी गैस एजेंसी पर लग जाती है। वहीं गांव रजोहा निवासी संजीव कुमार का कहना है कि बेटी की शादी की तिथि नजदीक है। लेकिन सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्हाेंने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि बेटी की शादी के लिए तीन सिलिंडर जल्द से जल्द दिलवाएं जाएं। वहीं सचिन गैस एजेंसी के संचालक बंटी चौहान का कहना है नियमित रूप से गैस का वितरण किया जा रहा है।