मंडी धनौरा। पुलिस ने लूटपाट व वाहन चोरी करने वाले आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई करते हुए उसकी साढ़े तीन लाख की संपत्ति कुर्क कर ली।
शनिवार को तहसीलदार व थाना धनौरा की संयुक्त टीम ने अवैध तरीके से धन अर्जित करने वाले राजवीर पुत्र छज्जू निवासी ग्राम डींगरा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग साढ़े तीन लाख रुपये कीमत की बोलेरो जीप कुर्क करते हुए जब्त कर ली। गैंगस्टर कई वर्षों से चोरी-छिपे आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की लूटपाट व चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा था। थानाध्यक्ष निशांत राठी ने बताया कि राजवीर के खिलाफ थाना धनौरा में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।