गजरौला। चौपला पर प्राइवेट बसों और डग्गामार वाहनों के चालकों से अवैध वसूली करने और विरोध करने पर मारपीट करने के आरोप में जेल गए भूरा सहित पांच आरोपियों के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है।
हापुड़ जिले के गांव बदरखा निवासी आलमगीर ने 23 अगस्त की रात गजरौला थाने में हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर निवासी भूरा व गजरौला के सैफी नगर के कलुआ के खिलाफ अवैध वसूली करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह गजरौला चौपला से दिल्ली आनंद विहार तक प्राइवेट बस चलाता था। भूरा व उसका मुंशी कलुआ उससे एक चक्कर लगाने के सात सौ रुपये की अवैध वसूली करते थे। रुपये नहीं देने पर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देते थे।
27 अगस्त की रात थाना पुलिस ने सैफी नगर के सोनू, आदिल व उसके भाई आमिर के खिलाफ अवैध वसूली करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया था। यह मुकदमा संभल के रजपुरा थाना और कस्बा निवासी सलमान ने दर्ज कराया था। सलमान प्राइवेट बस का चालक है। उसने कहा था कि वह किराए पर बस चलाता है। उपरोक्त तीनों आरोपी उससे 11 हजार रुपये की मांग करते हैं।
तीनों को पुलिस ने 28 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साथ ही भूरा व कलुआ 29 सितंबर को जेल भेजे गए। सीओ मंडी धनौरा अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पांचों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है।
गोकशी के गैंग लीडर सहित गैंगेस्टर के दो आरोपी गिरफ्तार
गजरौला। गोवंशीय पशुओं का वध कर उनका मांस बेचकर आर्थिक लाभ कमाने के छह आरोपियों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव मोहरका पट्टी निवासी अरशद व मोहब्बत, नौनैर निवासी अतीक, इस्माईल, तस्लीम और पटवारी गोकशी करते हैं। उनके खिलाफ गोकशी का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस की रिपोर्ट पर जिला प्रशासन ने सभी के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की, जिसकी जांच रजबपुर थाना पुलिस कर रही थी। रविवार को रजबपुर पुलिस ने गैंग लीडर अरशद व पटवारी को गिरफ्तार कर लिया। रजबपुर थानाध्यक्ष रमेश सहरावत ने दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। बताया कि बाकी की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।