गोकशी करने वाले आठ तस्करों पर गैंगस्टर, पांच गिरफ्तार
जोया (अमरोहा)। गोवंशीय पशुओं का वध कर मांस बेचने वाले आठ तस्करों पर डिडौली पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है, जबकि पांच को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर पीके चौहान ने बताया कि डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव तावई निवासी जाकिर गैंग बनाकर क्षेत्र में गोवंश पशुओं का वध कर उनके मांस की बिक्री करता है। जबकि यहीं के रहने वाले अकरम, शाहरुख और तस्लीम गिरोह के सदस्य हैं। सभी लोगों की वजह से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गोकशी की घटनाओं के कारण क्षेत्र में माहौल खराब होने की संभावना बनी रहती है। ऐसे ही क्षेत्र का गांव चौधरपुर निवासी इमरान उर्फ पहलवान भी गिरोह बनाकर गोवंशीय पशुओं की हत्या करता है। उनका मांस बेच कर आर्थिक और भौतिक लाभ कमाता है। इसकी गिरोह में चौधरपुर का ही रहने वाला नौशाद, इकबाल उर्फ बुल्ला और हाशमी सदस्य हैं। सभी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि नौशाद निवासी चौधरपुर, जाकिर, अकरम, शाहरूख निवासी ग्राम तावई और एक अन्य मुकदमे में वांछित सनी उर्फ मोहम्मद समी निवासी ग्राम पायती कलां को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।