अमरोहा। कैलसा बॉर्डर से अपंजीकृत डॉक्टर के अपहरण और फिरौती मांगने वाले गिरोह के सदस्यों पर देहात थाना पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। गुरुग्राम के जमालपुर निवासी हेमराज उर्फ राजेश इस गिरोह का लीडर है। पुलिस चिकित्सक अपहरण कांड में सभी आरोपियों को जेल भेजकर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। वारदात के चार महीने बाद पुलिस ने गिरोह पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की है।
मालूम रहे कि ग्यारह अगस्त की शाम अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के कैलसा निवासी अपंजीकृत बंगाली चिकित्सक पंकज विश्वास का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। बाद में बदमाशों ने दो लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस की घेराबंदी के चलते चार दिन बाद बदमाश उन्हें मूंढापांडे में छोड़ कर भाग गए थे। इसके बाद पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हुई थी जिसमें कमल सैनी निवासी गांव बल्लुपुरा थाना शाहबाद को गोली लगी थी। इस मुठभेड़ में एक सिपाही भी जख्मी हुआ था। बाद में पुलिस ने सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। एसओ सुरेश गौतम ने बताया कि हरियाणा के गुरुग्राम में जमालपुर निवासी हेमराज उर्फ राजेश इस गिरोह का लीडर है जबकि नीतू उर्फ भगत जी निवासी मंडी मिलक रामपुर, नेकपाल निवासी मोहल्ला बलदेव पुरी पकौड़ी वाली गली मुरादाबाद, कमल सैनी निवासी बल्लूपुरा शाहबाद रामपुर, कमलेश निवासी पैतिया माफी संभल और लोमस निवासी मानकजुड़ी अमरोहा इस गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। यह बदमाश गिरोह बनाकर जनता में भय और आतंक पैदा करते हैं। आर्थिक लाभ कमाने के लिए फिरौती-अपहरण और हत्या के प्रयास जैसे घटनाओं को अंजाम देते हैं। सभी आरोपियों को अपंजीकृत चिकित्सक के अपहरण और फिरौती के आरोप में जेल भेजा जा चुका है। उनके खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र भी दाखिल हो चुका है। फिलहाल सभी आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है।