गजरौला के चकनवाला सामने नाले पर बल्लियां डालकर गुजरते लोग। स्रोत ग्रामीण
गजरौला। तिगरी में बुधवार को गंगा का जलस्तर 20 सेंटीमीटर कम हो गया। हालांकि अभी भी लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हो रही है। तिगरी में जलस्तर 200.20 मीटर दर्ज किया गया। उधर, बिजनौर बैराज से गंगा में लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। बुधवार को भी 64863 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। उधर, लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही हैं। बल्लियां डालकर बनाए गए रास्ते से गुजर रहे हैं। उनके साथ हादसे का डर बना रहता है।
बाढ़ खंड विभाग के जेई सुभाष चंद्र गहलौत ने बताया कि बुधवार को तिगरी में गंगा का जलस्तर 200.20 मीटर दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पूर्व मंगलवार को जल स्तर 200.40 मीटर दर्ज किया गया था। बिजनौर बैराज से 64863 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बावजूद गंगा का जल स्तर घटा है। इससे बाढ़ प्रभावित एवं खादर के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है लेकिन उनके सामने समस्याएं बरकरार हैं। सबसे अधिक दिक्कत बाढ़ से कटे रास्ते और सड़कों के कारण हो रही है।
चकनवाला गांव के सामने शीशों वाली गांव को जाने वाली सड़क पानी में कट गई थी जिसमें कई नाले बने हैं। उनमें भरा पानी 20 गांवों के ग्रामीणों की परेशानी का कारण बना है। बल्लियां डालकर बनाए रास्ते से गुजर रहे हैं। बल्लियों से पानी में गिरने का डर बना रहता है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रणवीर सिंह का कहना है कि बाढ़ सीजन समाप्त हो जाने पर कटी सड़क दुरुस्त की जाएगी।