गजरौला (अमरोहा)। अनलॉक-2 में कोरोना संक्रमितों की तेजी संख्या में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए गुरु पूर्णिमा पर ब्रजघाट और तिगरी में श्रद्धालु गंगा में स्नान नहीं कर सकेंगे। दोनों ही स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। लापरवाही पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं हापुड़ और अमरोहा जनपद के पुलिस अधीक्षकों ने श्रद्धालुओं से गुरु पूर्णिमा पर ब्रजघाट और तिगरी में नहीं आने की अपील की है।
इस बार गुरु पूर्णिमा का पर्व पांच जुलाई रविवार को मनाया जाएगा। हर बार गुरु पूर्णिमा पर स्नान के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु ब्रजघाट और तिगरी में आते हैं। इस पर्व के लिए तीन-चार दिन पूर्व ही तैयारियां कर ली जाती हैं। सबसे अधिक उत्साह दुकानदारों और पंडित-पुरोहितों में रहता है लेकिन इस बार माहौल बदला हुआ है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार ने सभी तरह के धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाई हुई है। ब्रजघाट में गंगा आरती मंदिर के पुजारी मनोज तिवारी और तिगरी में पंडित गंगासरन शर्मा ने बताया कि इस बार दुकानदारों और पुरोहितों में इस पर्व को लेकर कोई उत्साह नहीं है। कोरोना संक्रमण ने सभी के रोजगार को जकड़ लिया है। उन्होंने कहा कि इस बार गुरु पूर्णिमा का पर्व औपचारिक रूप से ही मनाया जाएगा और गंगा घाटों पर स्नान भी नहीं हो सकेगा।
कांवड़ यात्रा के साथ ही गुरु पूर्णिमा के पर्व पर ब्रजघाट में किसी भी श्रद्धालु को गंगा में स्नान नहीं करने दिया जाएगा। दिल्ली, एनसीआर और अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील है कि इस बार पांच जुलाई रविवार को ब्रजघाट में स्नान की अपेक्षा लेकर न आएं। - संजीव सुमन, एसपी हापुड़
अमरोहा जनपद की सीमा पर ब्रजघाट से लगे क्षेत्र के साथ ही तिगरी, पूठ आदि स्नान घाटों पर पुलिस का विशेष पहरा रहेगा। किसी भी श्रद्धालु को गंगा में स्नान करने की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं को चाहिए कि संकट के इस दौर में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
डा.विपिन ताडा. एसपी अमरोहा।