हसनपुर(अमरोहा)। गर्मी के चलते दोस्तों के साथ नहाने गया युवक गहरे पानी में जाकर गंगा में डूब गया। दोस्तों ने शोर मचाया तो गोताखोर मौके पर पहुंच गए। तलाश की गई। लेकिन, युवक का कोई सुराग नहीं मिला। देरशाम तक युवक की तलाश की जाती रही।
गांव पौरारा निवासी गौरव कुमार (22) पुत्र हरिराज सिंह गुरुवार दोपहर को गर्मी अधिक होने के चलते गांव के ही दोस्त पंकज, किरनपाल, वीरेंद्र व मनी के साथ गंगा में नहाने गया था। पांचों दोस्त गंगा में उछलकूद करते हुए नहा रहे थे। इस दौरान अचानक गौरव गहरे पानी में चला गया और डूब गया। इतने दोस्त कुछ समझ पाते, देर हो चुकी थी। दोस्तों ने शोर मचाया तो गोताखोर पहुंच गए और युवक की तलाश करने लगे। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच युवक का कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। देरशाम तक भी तलाश की जा रही थी। गौरव तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह एसएलजे डिग्री कालेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। गौरव के गंगा में लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है।