अमरोहा/हसनपुर। मेरठ से प्रयागराज तक बनाए जा रहे 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे पर कार्य चल रहा है। यह कार्य 36 हजार 230 करोड़ रुपये में कराया जाना प्रस्तावित है। प्रदेश सरकार द्वारा सोमवार को पेश किए गए बजट में गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराने के लिए 2057 करोड़ 76 लाख रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। जो वर्तमान वर्ष की तुलना में दोगुने से अधिक है।
बजट में गंगा एक्सप्रेसवे को प्राथमिकता देने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य अमरोहा जिले के हसनपुर तहसील क्षेत्र में वर्ष 2022 में शुरू हुआ था। कार्य तेजी के साथ किया गया। जिले में गंगा एक्सप्रेसवे की दूरी 24 किलोमीटर रहेगी। जिसमें से अब तक करीब आठ से दस किमी सड़क कई हिस्सों में बनकर तैयार भी हो चुकी है। जबकि पिपलौती, मिर्जापुर और उझारी में अंडरपास भी बनकर तैयार हो चुका है। जिससे आवागमन भी चल रहा है। मंगरौला में फ्लाईओवर तैयार किए जा रहा है। जिसके लिए पिलर बनाए जा रहे हैं। 24 किमी की दूरी में गंगा एक्सप्रेसवे पर आवागमन के लिए केवल मंगरौला में ही एकमात्र टी प्वांइट बनाया जाएगा। क्षेत्र के लोगों के पास यहीं से गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ एवं उतरने का विकल्प रहेगा। इसके अलावा कहीं दूसरी जगह टी प्वाइंट बनाया जाना प्रस्तावित नहीं है। गांव रूखालू में टोल प्लाजा बनाया जाना प्रस्तावित है। जिसके लिए जल्द ही कार्य शुरू होने वाला है। प्रदेश सरकार द्वारा सोमवार को पेश किए गए बजट में गंगा एक्सप्रेसवे के लिए धनराशि की व्यवस्था होने से लोगों में खुशी का माहौल है।
-
गंगा एक्सप्रेसवे अमरोहा के लिए बहुत बड़ी सौगात थी। अब अतिरिक्त बजट देकर इसके निर्माण को तेजधार देने का काम किया गया है। हाईवे निर्माण से यहां उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, अन्य व्यापार भी बढ़ेंगे। साथ ही प्रयागराज और मेरठ की दूरी भी काफी कम हो जाएगी। अब अतिरिक्त बजट से यहां अन्य कार्य भी होने की संभावना बढ़ेगी।
-संदीप अग्रवाल, उद्यमी अमरेाहा
गंगा एक्सप्रेसवे के लिए बजट में बड़ी धनराशि की व्यवस्था की गई है। अब कार्य तेजी से हो सकेगा। जिससे क्षेत्र का विकास होगा। मुजाहिद चौधरी, हसनपुर तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष।
-
प्रदेश सरकार द्वारा सोमवार को पेश किए गए बजट में गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण को पूरा कराने के लिए पर्याप्त धनराशि की व्यवस्था की गई है। जो बहुत ही सराहनीय है।
-चंद्रपाल खड़कवंशी, सदस्य पिछड़ा वर्ग आयोग उत्तर प्रदेश
-
बजट में मोटी रकम मिलने से गंगा एक्सप्रेसवे का कार्य तेजी से पूरा हो सकेगा। जिससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
-जसवीर सिंह, प्रधान मंगरौली
-
अमरोहा के हसनपुर से निकल रहे गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए अतिरिक्त बजट मिलने से इसका विस्तार तेजी से होगा। साथ ही यहां विकास के नए आयाम खुलने की संभावना बढ़ेगी और उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। अब जल्द ही कार्य की गति को बढ़ाया जाएगा।
-राजेश कुमार त्यागी, डीएम अमरोहा