अमरोहा। बीते दो दिनों से हुई हल्की बारिश के बाद मौसम साफ हो गया। धूप खिलने से आमजन को दिन में कड़ाके वाली ठंड से कुछ हद तक राहत जरूर मिली लेकिन रविवार को भी बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। जिससे ठंडक का एहसास हुआ। शनिवार को जहां अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 13 दर्ज किया गया। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री कम रहा। शाम को ठंडक महसूस हुई।
फरवरी माह की शुरुआत के साथ ही मौसम लगातार रंग बदल रहा है। बृहस्पतिवार को जहां बारिश हुई तो शुक्रवार और शनिवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा। चटक धूप खिलने से लोग घरों से बाहर निकले और लुत्फ उठाया। बच्चे धूप के बीच खेलते नजर आए। महिलाएं भी धूप में बैठकर आपस में बातें करतीं नजर आईं। लेकिन, शनिवार आधी रात के बाद मौसम में बदलाव हो गया। हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। जो रविवार सुबह तक जारी रही। हालांकि, बाद में धूप भी खिली और मौसम सुहावना हो गया। लेकिन 11 बजे के बाद फिर से बादल छा गए और हवा चलने लगी। शाम तक बादल छाए रहे और बीच बीच में बूंदाबांदी भी हुई। शाम के समय ठंडक में और इजाफा हो गया।
जिला कृषि अधिकारी का कहना है कि सोमवार को भी बादल छाए रहने और बारिश होने का अनुमान है। साथ ही हवा भी चलेगी।
बदलते मौसम में स्वास्थ्य का रखें ख्याल
मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य बिगड़ने की संभावना बनी रहती है। ऐसे में चिकित्सक लापरवाही न बरतने की सलाह दे रहे हैं। बारिश के बाद अस्पताल में खांसी एवं जुकाम के मरीज पहुंच रहे हैं। जिला चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह का कहना है कि पिछले तीन दिनों में बारिश के बाद हुए बदलाव से अस्पताल में खांसी, जुकाम एवं त्वचा संबंधी मरीज पहुंच रहे हैं।
-
ये बरतें सावधानी
- बारिश में भीगने से बचें।
- मौसमी फल और सब्जियों का सेवन करें।
- अधिक तेल, मसालेदार भोजन से परहेज करें।
- साफ एवं उबला हुआ पानी पीएं।