अमरोहा। ज्येष्ठ दशहरा के मौके पर गंगा स्नान को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। हाईवे पर जाम से निपटने के लिए रूट डायवर्जन प्लान शनिवार की रात 8 बजे से लागू कर दिया है। पुलिस ने हाईवे पर करीब पंद्रह जगह मोर्चा संभाल लिया है। रविवार को ट्र्रक, कंटेनर, निजी बस समेत सभी भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। हालांकि जीप, कार, पिकअप, टाटा मैजिक चल सकेंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को दशहरा के मौके पर ब्रजघाट, तिगरी धाम, धनौरा में सीपिया घाट, हसनपुर में पूठ घाट, पौरारा, सिरसा, जल्लोपुर घाट पर करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु स्नान करने पहुंच रहे हैं। सभी लोग अपने निजी और व्यावसायिक वाहनों से गंगा स्नान व पूजा अर्चना करने आ रहे हैं। नेशनल हाईवे पर जाम लगने की संभावना के चलते रूट डायवर्जन प्लान लागू है। प्लान के तहत कंटेनर, ट्रक, निजी बस वैकल्पिक मार्गों से निकाले जाएंगे। जबकि दूध, फल व सब्जी के वाहन और एंबुलेंस हाईवे पर यथावत चल रहे हैं। एएसपी ने बताया कि अगर हाईवे पर जाम के हालात बने तो जरूरत पड़ने पर रोडवेज बस को भी वैकल्पिक मार्गों निकाला जाएगा। इसमें लापरवाही बरती गई, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-
आज हाईवे की बजाय यहां से निकलें
- शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों (ट्रक, ट्रैक्टर आदि मालवाहक वाहन) को जनपद शाहजहांपुर के कटरा, जलालपुर, बदायूं, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- बरेली से दिल्ली की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को आंवला से शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला से डिबाई, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- रामपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को जनपद रामपुर शाहबाद से डायवर्ट कर बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
- मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों (ट्रक, ट्रैक्टर आदि मालवाहक वाहन) और हल्के वाहनों ( जीप, कार, पिकअप, छोटा हाथी इत्यादि) को जनपद मुरादाबाद से बाया संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई. बुलंंदशहर, सिकंदरा होते हुए गाजियाबाद-दिल्ली को जाएगा।
- मुरादाबाद से मेरठ की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को टीएमयू के बगल से अगवानपुर बाईपास, छजलैट, नूरपुर, बिजनौर, बैराज, मीरापुर, मवाना होते हुए मेरठ भेजा जाएगा।
- चांदपुर बिजनौर से गजरौला होते हुए दिल्ली जाने वाले समस्त भारी और हल्के वाहनों को जनपद बिजनौर के जलीलपुर से डायवर्ट कर गंगा पुल से होते हुए हस्तिनापुर, मवाना, मेरठ, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा ।
- नूरपुर, शिवाला कलां, फीना बिजनौर से अमरोहा की तरफ आने वाले समस्त भारी वाहनों को नौगांवा सादात से अमरोहा की तरफ नहीं भेजा जाएगा।
- संभल से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाइ, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। कोई भी मालवाहक वाहन गवां की तरफ से हसनपुर नहीं आने दिया जाएगा।
- अमरोहा से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों ( ट्रक, ट्रैक्टर, आदि मालवाहक भारी वाहन) और हल्के वाहनों ( जीप, कार, पिकअप, छोटा हाथी इत्यादि) को शिवाला कलां, नूरपुर, बिजनौर, मेरठ, मवाना, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- गजरौला चौपला से दिल्ली की ओर जाने वाले समसत भारी वाहनों को गजरौला, हसनपुर, रहरा, गवां, अनूपशहर से बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
- धनौरा से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को चांदपुर, बिजनौर, मवाना, मेरठ होकर दिल्ली भेजा जाएगा।
- हसनपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को संभल, बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाई. बुलुंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- दिल्ली- गाजियाबाद से बरेली, लखनऊ की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को लालकुआं की ओर मोड़कर दादरी, बुलंदशहर, डिबाई, नरौरा, गुन्नौर, सहसवान, बदायूं होते हुए बरेली, लखनऊ की ओर भेजा जाएगा।