गजरौला (अमरोहा)। गंगाधाम तिगरी में कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले गंगा मेले को बेहतर से बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन और जिला पंचायत कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। इस बार मेले में अस्थायी सड़कों के किनारे बिजली व्यवस्था के लिए लगने वाली लकड़ी की बल्लियों के स्थान पर सीमेंटेड खंभे लगवाए जाएंगे ताकि किसी तरह के हादसों की आशंका ही खत्म हो जाए।
शुक्रवार की शाम जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता चौधरी और भाजपा नेता भूपेंद्र चौधरी ने मेला स्थल पर औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता चौधरी ने बताया कि मेला स्थल पर अस्थायी सड़कों को बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके अलावा घाटों के किनारे वाच टावर भी लगाए जा रहे हैं। शौचालय और चेंजिंग रूम भी बन रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता चौधरी ने बताया कि हर बार मेला स्थल पर रोशनी की व्यवस्था के लिए ठेकेदार लकड़ी की बल्लियां गाड़ते थे। इनसे हादसों की आशंका बनी रहती थी। धीरे से हिलाने पर ही बल्लियां उखड़ जाती थीं और तार टूटकर नीचे गिर जाते थे। इस बार मेले में बिजली ठेकेदार को बुलाकर कहा गया कि मेला स्थल पर पूरे क्षेत्र में सीमेंटेड पोल लगाए जाए। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी खत्म हो जाएगी और मेले की सुंदरता भी बढ़ेगी।