...आजादी बिना, खड्ग बिना ढाल, साबरमती के संग तूने कर दिया कमाल
शहर से लेकर देहात में अलग-अलग आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
अमरोहा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर सरकारी कार्यालयों पर अधिकारियों और राजनीतिक दलों ने नमन और वंदन किया। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर योगदान डाला। कहा कि गांधी जी शांति और अंहिसा के दूत हैं। गांधी जी पर आधारित अमर वाक्य दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल फिजा में गूंजती रही। साथ ही लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी सराहा। शैक्षिक संस्थानों में गोष्ठी के साथ प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
कलक्ट्रेट में गांधी और शास्त्री की जयंती मनाई गई। डीएम उमेश मिश्र ने कहा कि गांधी जी के विचार देश के लोगों को मजबूत बनाता रहेगा। साथ ही कहा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी से भरा था। वहीं तहसील परिसर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम शशांक चौधरी ने विकास भवन में सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल ने विचार साझा किए। जिला पंचायत की अध्यक्ष सरिता चौधरी ने गांधी और शास्त्री जी को नमन किया। नगर पालिका में चेयरमैन शशि जैन ने गांधी और शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। सदर ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख मीनू चिकारा ने माल्यार्पण किया। इसके अलावा नायाब अब्बासी पीजी कॉलेज, अब्दुल रज्जाक पीजी कॉलेज जोया, जेएस हिंदू इंटर कॉलेज आदि में गांधी शास्त्री की जयंती मनाई गई और प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इसके साथ ही अजमत सोशल वेलफेयर सोसाइटी मुन्नी देवी एजुकेशनल सोसाइटी ने भी जयंती मनाई। साथ ही महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर स्वदेशी जागरण मंच ने जेएस हिंदू पीजी कॉलेज में पौधरोपण किया।
गांधी जी के विचार को नहीं मान रही भाजपा सरकार : परवेज
अमरोहा। समाजवादी पार्टी ने शहर के गांधी मूर्ति के समीप एक मकान के बरामदे में मौन व्रत रखा। एमएलसी परवेज अली ने कहा कि गांधी जी के विचार लोकतंत्र को मजबूत करने वाले थे लेकिन भाजपा सरकार उनके विचारों को नहीं मान रही है। इससे लोकतंत्र खतरे में है। जिलाध्यक्ष निर्मोज यादव ने कहा कि किसानों की जमीनों पर कॉरपोरेट घराने की नजर है।
शांतिपूर्ण आंदोलन से घबरा रही सरकार : सचिन
अमरोहा। कांग्रेसियों ने गांधी जयंती पर किसान मजदूर विरोध दिवस के रुप में मनाया। कलक्ट्रेट में कांग्रेसियों ने धरना दिया। इसके अलावा अन्य सभी ब्लॉक कार्यालय परिसर में कांग्रेसजनों ने विरोध जताया। प्रदेश सचिव सचिन चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। सरकार अपने कारनामों से घबरा कर पुलिस के जरिए विरोध को दबाने में जुटी है। जिलाध्यक्ष ओमकार कटारिया ने कहा कि किसानों के हक के लिए संघर्ष किया जाएगा। वहीं जोया और अमरोहा ब्लॉक कार्यालय परिसर में धरना दिया।
शास्त्री जी के कार्यकाल में खुश थे किसान, भाजपा सरकार में परेशान
अमरोहा। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक असली ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कृषि संशोधन कानून का विरोध जताया। लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को नमन किया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि शास्त्री जी के कार्यकाल में किसान खुश थे। लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों से किसान परेशान हो रहा है।
गांधी के बताए रास्ते पर चलने से देश बनेगा विश्व गुरु
अमरोहा। श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में गांधी वाद बनाम गांधी गिरि पर सेमीनार हुई। परिसर में शांति मार्च निकाला गया। समाज शास्त्री डॉ. बीएस कपूर ने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने के बाद ही देश विश्व गुरु बन सकेगा। चेयरमैन डॉ. सुधीर गिरि, प्रति कुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी आदि रहे।