गजरौला। पालिकाध्यक्ष व सभासदों के बीच चल रही तकरार और खींचतान के बीच मंगलवार को नगर पालिका बोर्ड की बैठक होगी। पिछली बोर्ड की बैठक में सभासदों और पालिकाध्यक्ष के पति के बीच मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमे भी लिखाए गए थे। पुलिस दोनों मुकदमों में जांच कर रही है।
इस बीच मंगलवार को होने वाली नगर पालिका बोर्ड की बैठक भी दिलचस्प हो सकती है। कुछ सभासदों के बैठक से नदारद रहने की उम्मीद है। हालांकि, बैठक में करीब पांच करोड़ के प्रस्ताव पास होने की उम्मीद है। वहीं, बोर्ड की बैठक के दौरान पालिकाध्यक्ष की ओर से पुलिस की मांग की गई है जिससे बैठक को शांतिपूर्ण निपटाया किया जा सके। हालांकि, पिछली बार बोर्ड की बैठक में पुलिस के सामने ही मारपीट हुई थी। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए इस बार पुलिस माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कड़े कदम भी उठा सकती।
पालिका बोर्ड की बैठक मंगलवार को पालिका सभागार में होगी। इसके लिए ईओ ललित कुमार आर्य, पालिकाध्यक्ष राजेंद्री उर्फ उमा देवी ने सभी सभासदों को एजेंडा की प्रतिलिपि भेजी है। उनसे कहा कि उनके वार्ड में क्या-क्या कार्य कराए जाएंगे, इसके प्रस्ताव बनाकर बोर्ड की बैठक में रखें जिससे उन पर मोहर लग सके। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि अन्य कार्यों के साथ ही नगर में पेयजल की किल्लत दूर करने के लिए दो मिनी नलकूप प्राथमिकता में हैं। करीब पांच करोड़ रुपये से होने वाले विकास कार्यों को बैठक में हरी झंडी मिलने की संभावना है।
ईओ ललित कुमार आर्य ने बताया कि बैठक में पांच करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव रखे जाएंगे। बैठक शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पालिकाध्यक्ष ने पुलिस बल की मांग की है। ईओ और पालिकाध्यक्ष ने सभासदों को कई दिन पूर्व एजेंडा भेज कर उनसे प्रस्ताव देने के लिए कहा है जिससे उनके कार्यों को बैठक में मंजूरी दी जा सके।
-
पालिकाध्यक्ष ने इंस्पेक्टर को लिखा पत्र
गजरौला नगर पालिका बोर्ड की अधिकांश बैठकों में विवाद ही हुए हैं। कभी सभासदों ने पालिकाध्यक्ष के खिलाफ नाराजगी जताई तो कभी ईओ के। कई बार बैठक के लिए सभासदों को मनाने में खासी जद्दोजहद करनी पड़ी। मगर 25 सितंबर को हो रही बैठक में पालिका सभागार जिस विवाद का गवाह बना, वैसा यहां कभी नहीं हुआ। बोर्ड की बैठक में महिला सभासदों और पूर्व विधायक हरपाल सिंह के बीच मारपीट की घटना ने शान पर धब्बा लगा दिया था। इस कारण बैठक नहीं हो सकी थी। मंगलवार को बैठक शांतिपूर्ण संपन्न हो, इसके लिए पालिकाध्यक्ष ने इंस्पेक्टर से बैठक में पुलिस बल तैनात करने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने इंस्पेक्टर मनोज कुमार को पत्र लिखा है।