गजरौला (अमरोहा)। चिटफंड के नाम पर झांसा देकर लोगों से लाखों की रकम एकत्रित कर कंपनी के फरार होने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को बताया कि चिटफंड कंपनी मुरादाबाद थी जो कई लोगों के लाखों रुपये हड़प कर फरार हो गई है। पीड़ित खातेदारों ने थाने में शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
शुक्रवार को नगर के मोहल्ला चामुंडा देवी मंदिर मार्ग निवासी ओमप्रकाश सिंह कई लोगों के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को शिकायती पत्र दिया। इसमें कहा गया है कि मुरादाबाद निवासी कुछ लोगों ने एक चिटफंड कंपनी खोली थी। इसमें थाना क्षेत्र के गांव अहरौला तेजवन निवासी जयपाल भी काम करता था। उसी पर विश्वास कर उन्होंने कंपनी में अपने साथ ही 96 अन्य लोगों के खाते खुलवा दिए। पॉलिसी परिपक्व होने पर उन्होंने कंपनी के एजेंटों से रुपये देने को कहा तो वे आनाकानी करने लगे। इतना ही नहीं कई खातेदारों के साथ गाली-गलौज तक की। पत्र में कहा गया है कि आरोपी यहां से फरार हैं और फोन पर सही ढंग से जवाब भी नहीं दे रहे हैं। उनके साथ आए खातेदार राकेश कुमार, अनवर हुसैन, ऋषिपाल सिंह, श्रीकृष्ण, रवि, जगदीश, ओमकार, चरण सिंह, खजान सिंह, गजेंद्र, नन्हे सिंह आदि ने भी पुलिस से उनकी रकम वापस दिलाने की गुहार की। कार्यवाहक थानाध्यक्ष एसएसआई प्रमोद कुमार पाठक ने जांच का आश्वासन दिया है।