ठगों ने किसान का एटीएम कार्ड बदलकर 25 हजार रुपये निकल लिए। मोबाइल पर रुपये निकासी का संदेश मिलते तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच साइबर सेल कर रही है।
ये मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के हरियाना गांव की है। यहां पर रिजवान का परिवार रहता है। पेशे से किसान रिजवान का जोया की एचडीएफसी शाखा में खाता है। आरोप है कि रिजवान ने तीन सितंबर को अपने बेटे को एटीएम रुपये निकालने के लिए जोया भेजा था। करीब एक बजे उनका बेटा पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर रुपये निकालने लगा तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने झांसे में रखकर एटीएम कार्ड बदल दिया। एटीएम कार्ड बदलने से अनजान रिजवान का बेटा घर वापस आ गया लेकिन 1:45 बजे उसके मोबाइल पर 10 हजार रुपये कटने का संदेश मिला।
उन्होंने बताया कि इसके बाद 1:54 बजे फिर 10 हजार रुपये निकाल लिए गए। जबकि 1 मिनट बाद 5 की निकासी और की गई। थोड़ी देर में रिजवान के खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर खाते से रुपये की निकासी का संदेश मिलते ही किसान के होश उड़ गए। उन्होंने मामले की शिकायत डिडौली कोतवाली पुलिस से की। इंस्पेक्टर पीके चौहान ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच साइबर सेल कर रही है।