अमरोहा। साइबर अपराधियों ने पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर सहित दो लोगों को अपना निशाना बना लिया है। ठगों ने दोनों से 1.05 लाख रुपये ठग लिए। इंजीनियर अपने एंड्रॉयड फोन में कोई एप्लीकेशन डाउनलोड करने की कोशिश कर रहे थे। तभी, उनके दो बैंकों के खातों से साठ हजार रुपये कट गए जबकि दूसरे व्यक्ति को ठगों ने महिला रिश्तेदार बनकर व्हाट्सएप पर लिंक भेजा। लिंक को टच करते ही उनके खाते से 45 हजार रुपये उड़ गए। मोबाइल पर धनराशि कटने का एसएमएस मिलते ही हड़कंप मच गया। दोनों ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल दोनों मामलों में साइबर सेल ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ठगी की पहली घटना पीडब्ल्यूडी ऑफिस में तैनात इंजीनियर अब्दुल्ला के साथ हुई। बताते हैं कि बुधवार को अब्दुल्ला अपने एंड्रॉयड फोन पर कोई एप्लीकेशन (एप) डाउनलोड कर रहे थे। तभी अचानक उनके एचडीएफसी बैंक के खाते से 20 हजार और आईसीआईसीआईसी बैंक के एकाउंट से 40 हजार रुपये कट गए। थोड़ी देर बाद खाते से रुपये कटने का एसएमएस मिला तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी शिकायत संबंधित बैंकों में की जबकि, दूसरी घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वासुदेव कॉलोनी निवासी दारा सिंह के साथ हुई। वह भी एंड्रॉयड फोन चलाते हैं। आरोप के मुताबिक बुधवार को उनके पास एक फोन आया। कॉलर ने महिला रिश्तेदार बनकर बात की। बाद में उनके दारा सिंह के खाते में बीस हजार रुपये भेजने का झांसा देकर व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा था। जैसे ही दारा सिंह ने लिंक को टच किया, वैसे ही उनके बैंक एकाउंट से 45 हजार रुपये कट गए। साइबर ठगों के शिकार दोनों पीड़ित गुरुवार को एसपी ऑफिस पहुंचे और एसपी डॉ. विपिन ताडा को शिकायती देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी के निर्देश पर साइबर सेल टीम ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।