जोया (अमरोहा)। जमीन से खजाना निकालने के झांसा देकर तांत्रिकों ने किसान से लाखों रुपये ठग लिए। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने दो तांत्रिकों को हिरासत में लिया है जबकि दो फरार हो गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस जल्द ही गैंग का पर्दाफाश कर सकती है।
यह मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के बुढ़नपुर गांव का है। यहां पर किसान का परिवार रहता है। आरोप के मुताबिक किसान को कुछ दिन पहले उत्तराखंड के जसपुर निवासी दो लोग मिले थे। उन्होंने खुद को देवी अवतार बताया था। घर में खजाना खोदने का झांसा दिया और लाखों रुपये ठग लिए। किसान को ठगी का अहसास हुआ तो उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के कहने पर किसान ने तांत्रिकों को क्रिया करने के लिए बुलाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के एक धार्मिक स्थल के पास तंत्र क्रिया करने का स्थान तय हुआ। बताते हैं कि शुक्रवार रात दो तांत्रिक अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंच गए। यहां पुलिस पहले से घात लगाए बैठी थी। तभी पुलिस ने दो तांत्रिकों को हिरासत में ले लिया जबकि दो भागने में कामयाब हो गए। इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि किसान से 6 लाख 50 हजार रुपये ठगने की बात सामने आई है। यह आरोपी जमीन से खजाना निकाले का झांसा देकर ठगते हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।