अमरोहा के गजरौला में हाईवे पर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाती पुलिस। संवाद
- फोटो : JPNAGAR
गजरौला। ओवरटेक करते समय चार वाहन आपस में टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गए। हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। काफी देर तक हाईवे पर वाहन रेंग-रेंग कर गुजरे। इसस राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रविवार की सुबह आठ बजे इलाके में बारिश हो रही थी। इस बीच हाईवे पर गजरौला की दिशा से दिल्ली की तरफ जा रही स्विफ्ट डिजायर कार ने बृजघाट चौकी क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के निकट आगे चल रही आयशर कैंटर को ओवरटेक किया। जिससे दोनों में भिड़ंत हो गई। इसके बाद आयशर कैंटर ने ईको कार को जबकि आयशर कैंटर ने बड़े ट्राला को टक्कर मार दी। जिससे चारों वाहन हादसा होने के कारण क्षतिग्रस्त होकर आड़े तिरछे हो गए। जिससे हाईवे पर जाम लग गया। दोनों तरफ वाहनों के पहिए थम गए।
हाईवे पर चार वाहनों की भिड़ंत और जाम की सूचना पाकर बृजघाट चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह पुलिसकर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे। उस समय हो रही बारिश में छाता लगाकर ट्रैफिक को संभाला। क्रेन मंगाकर चारों वाहनों को हाईवे से हटवाकर जाम खुलवाया। थाना प्रभारी शरद मलिक ने बताया कि ओवरटेक के कारण आपस में चार वाहन भिड़ गए थे। हालांकि कोई घायल नहीं हुआ है। इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
डीसीएम की साइड लगने से भूसा लदे ट्रैक्टर ट्राली का बारदाना फटा
गजरौला। रविवार की सुबह साढ़े दस बजे नगर की तरफ से भूसा लदा ट्रैक्टर ट्राली हसनपुर की दिशा में जा रहा था। ट्रैक्टर ट्राली चौपला पर ओवरब्रिज के नीचे पहुंचा था। इसी दौरान हसनपुर की तरफ जा रही डीसीएम ने भूसा लदे ट्रैक्टर ट्राली को साइड मार दी। जिससे ट्रैक्टर ट्राली का बारदाना फट गया और भूसा नीचे बिखर गया। आनन फानन ट्रैक्टर ट्राली सवार लोगों ने सूईं लगाकर बारदाना की सिलाई की और गंतव्य को चले गए। संवाद