डिडौली। जमीनी रंजिश में दबंगों ने किसान के भतीजे को लोहे के राॅड से हमला करके लहूलुहान कर दिया। घायल का मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने तीन भाइयों समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव चुबका की है। यहां किसान राजपाल सिंह का परिवार रहता है। उनका आरोप है कि 21 अक्तूबर की शाम उनका भतीजा कोशिंद्र घर में मौजूद था। इसी दौरान जमीनी रंजिश को लेकर आरोपियों ने हमला कर दिया। जमीन खाली करने से मना करने लगे। कोशिंद्र ने उनसे कहा कि हमने जमीन छोड़ दी है लिहाजा अब आपको भी जमीन खाली करनी होगी।
आरोप है कि इसी बात पर आरोपी आग बबूला हो गए और जानलेवा हमला लोहे की रॉड से कोशिंद्र के सिर पर वार कर घायल कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। परिजनों ने घायल कोशिंद्र को जोया सीएचसी भर्ती कराया जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर कोशिंद्र को मेरठ रेफर कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि मामले में राजपाल सिंह की तहरीर पर गांव मंजूपुरा के चंद्रपाल, टीकम सिंह, पीतम सिंह व पिंटू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच चुनावी रंजिश सामने आई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।