दो डाक्टर समेत चार लोग कोरोना संक्रमित
अमरोहा ट्रूनेट मशीन और प्राइवेट लैब की जांच में चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ट्रूनेट मशीन की जांच में पॉजिटिव आने वाले दोनों डाक्टर हैं। जबकि निजी लैब की जांच में संक्रमित पाए जाने वालों में रिटायर्ड फौजी की पत्नी समेत दो लोग शामिल हैं। महिला को सांस की बीमारी है। महिला के परिवार के चार सदस्यों का सैंपल कराया गया है।
जिला अस्पताल में सोमवार को चिकित्सा कर्मी और मरीजों सहित 25 लोगों की ट्रूनेट मशीन से जांच कराई गई थी। करीब दो घंटे बाद सैंपलों की जांच रिपोर्ट मिली। इसमें जिला अस्पताल और सीएमओ आफिस में तैनात दो डाक्टर संक्रमित पाए गए। दो डॉक्टरों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ कर्मियों में खलबली मची है। हालांकि 23 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। दोनों चिकित्सकों का इलाज शुरू दिया गया है। वहीं पॉजिटिव डाक्टरों की सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। इसके अलावा जिले के एक रिटायर्ड फौजी की पत्नी को सांस की बीमारी है। उनका इलाज दिल्ली के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वह 17 जुलाई को रूटीन जांच के लिए दिल्ली गई थी। जहां उनका कोरोना की जांच कराई गई। 19 जुलाई को आई रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। इसके बाद महिला को दिल्ली में निजी अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। महिला के परिवार के चार लोगों को जिला अस्पताल लाकर सैंपल कराया गया। वहीं एक निजी लैब की जांच में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।