अमरोहा। ससुराल वालों की पिटाई से घायल चार महीने की गर्भवती शिवानी (21) की इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में संभल निवासी पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रजबपुर थानाक्षेत्र के दुर्गपुर निवासी किसान सरदार सिंह ने करीब सात महीने पहले बेटी शिवानी की शादी संभल जिले के भदरौल निवासी राजकुमार के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर शिवानी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। विरोध पर शिवानी के साथ मारपीट करते थे। आरोप है कि बीते रविवार को ससुराल वालों ने शिवानी के साथ मारपीट की जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
चार महीने की गर्भवती शिवानी के पेट में तेज दर्द उठा। मायके वालों ने शिवानी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार को शिवानी की इलाज के दौरान मौत हो गई। शिवानी के पिता सरदार सिंह ने रजबपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि शिवानी पति राजकुमार, ससुर रामवीर सिंह, सास कश्मीरी, ननद शिवली, सिंटी और जगसरन के खिलाफ दहेज हत्या व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्दी ही आरोपियों गिरफ्तार कर लिया जाएगा।