अमरोहा। देहात थाना पुलिस ने राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। कांठ रोड पर जंगल में ट्यूबवेल के पीछे लूट की योजना बनाते बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बदमाशाें ने फायरिंग की तो पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से नगदी, मोबाइल और तमंचा कारतूस बरामद हुए हैं। इन बदमाशों ने सोमवार की रात दो दोस्तों से नगदी और मोबाइल लूटे थे। पुलिस ने चारों बदमाशों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
बुधवार को थाने में अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप सिंह ने मुठभेड़ का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एसपी सुनीति के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार की रात एसओ सुरेश चंद गौतम अपनी टीम के साथ रात्रि 10 बजे गश्त पर थे। तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि कांठ रोड पर स्थित रायपुर कलां के जंगल में एक ट्यूबवेल के पीछे कुछ बदमाश लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बताए ठिकाने पर पहुंच गई। जैसे ही पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी शुरू की, तभी बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
पुलिस ने जंगल में चारों तरफ से घेराबंदी कर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने अपना नाम रवि सैनी, संजय सैनी, आकाश सैनी और अमित शर्मा निवासी मोहल्ला अहमदनगर कोतवाली अमरोहा नगर बताया है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से दो तमंचा, तीन कारतूस, चाकू, राहगीरों से लूटे गए चार मोबाइल और तीन हजार रुपये बरामद हुए है। एएसपी के मुताबिक यह बदमाश गिरोह बनाकर नौगांवा बाईपास कांठ रोड पर बाइक सवार राहगीरों से हथियारों के बल पर लूटपाट करते थे। सभी लुटेरे नई उम्र के हैं।
बदमाश रवि सैनी इस गिरोह का सरगना है जबकि संजय, आकाश और अमित पैसा कमाने के लालच में उसके साथ अपराध जगत की ओर अग्रसर हो गए। रवि सैनी पर कोतवाली नगर और देहात थाने में हत्या, अवैध शस्त्र और लूटपाट के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन बदमाशों ने सोमवार की रात को अलग-अलग तीन बाइकों पर सवार चार लोगों से नगदी और मोबाइल फोन लूट लिए थे। पीड़ितों में नौराहन गांव निवासी दो दोस्त सौरभ और विनीत शामिल थे। जिनकी तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।