रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर दो सगे भाइयों ने चार लाख रुपये हड़प लिए। रुपये मांगने पर आरोपियों ने फर्जी चेक दे दिया। पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी, एससी एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।
अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कुरेशी में दिलीप कुमार वाल्मीकि का परिवार रहता है। दिलीप कुमार नगर पालिका में तैनात हैं। उनका आरोप है कि मोहल्ला घेर पछैय्यां के रहने वाले दो सगे भाई शबाब अहमद और सिकंदर अली से जान पहचान थी। करीब एक साल पहले दिलीप ने अपने बेटे आनंद की नौकरी लगवाने की बात कही थी। आरोपियों ने कहा कि उनकी रेलवे विभाग में काफी जान पहचान है। नौकरी के एवज में आठ लाख रुपये मांगे। दिलीप ने चार लाख रुपये दे दिए लेकिन छह महीने बाद तक भी नौकरी नहीं लगी। रुपये मांगने पर टालमटोल करते रहे। ज्यादा दबाव बनाने पर 15 फरवरी को आरोपियों ने दो लाख रुपये का एक फर्जी चेक दे दिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत दोनों भाइयों से की तो उन्होंने गाली-गलौज की जेल भिजवाने की धमकी दी।
पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी आदित्य लांग्हे से की। जिनके निर्देश पर अमरोहा नगर कोतवाली पुलिस ने शबाब अहमद और सिकंदर अली के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।