रजबपुर। अतरासी में आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच सरेराह मारपीट और पथराव की घटना हो गई। इस दौरान सड़क पर अफरातफरी मच गई और यातायात कुछ देर के लिए बाधित हो गया। घटना में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान शमशाद उर्फ भूरे के भाई नौशाद और गांव के ही कय्यूम के बीच पिछले कई दिनों से रंजिश चल रही थी। सोमवार दोपहर अमरोहा रोड स्थित एक दुकान के पास दोनों आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए और पथराव शुरू हो गया। इस दौरान किसी राहगीर ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
ग्रामीणों के हस्तक्षेप से किसी तरह मामला शांत कराया गया। घटना में एक पक्ष से नौशाद और अफसाना तथा दूसरे पक्ष से कय्यूम और शहजाद घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद