हसनपुर। गांव सकतपुर में अवैध रूप से संचालित चार क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ताला लगा दिया। सील की कार्रवाई करते हुए संचालकों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।
गांव सकतपुर में चार क्लीनिक लंबे समय से अवैध रूप से संचालित किए जा रहे थे। कुछ दिन पहले डीएम से शिकायत की गई थी जिसमें शिकायतकर्ताओं ने बताया कि अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों का कोई पंजीकरण नहीं है। उन पर कोई डिग्री धारक चिकित्सक भी नहीं बैठता है।
सीएमओ के निर्देश पर मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसनपुर के प्रभारी डाॅ. ध्रुवेंद्र सिंह टीम के साथ गांव सकतपुर पहुंचे। यहां एक के बाद एक चार अवैध रूप से संचालित क्लीनिक सील किए गए। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से क्लीनिक का संचालन करने वालों में खलबली मची रही। डाॅ. ध्रवुेंद्र सिंह ने बताया कि सकतपुर गांव में अवैध रूप से संचालित चार क्लीनिक सील किए गए हैं। संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।