अमरोहा/ मंडी धनौरा। अक्तूबर माह का आखिरी सप्ताह चल रहा है और मौसम भी अब ठंडक भरा होने लगा है। लेकिन बुखार का प्रकोप नहीं थम रहा है। उधर, बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में डेंगू के चार नए मरीज मिले।
जिला अस्पताल में एलाइजा जांच में चार रोगी डेंगू पॉजिटिव मिले। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि ग्राम केल बकरी में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ। जिसमें 87 रोगियों की जांच हुई। बुखार के 52 रोगी मिले। उन्हें दवाई दी गई। धनौरा के ग्राम मलंगपुरा में भी स्वास्थ्य शिविर लगाया। जिसमें 92 रोगी देखे गए। 11 रोगी बुखार के पाए गए। सभी की मलेरिया, टाइफाइड तथा डेंगू की जांच की गई जो कि निगेटिव आई। हसनपुर ग्राम जिहाल और सुतारी कलां में भी शिविर लगाया। जिसमें 47 तथा 106 रोगी देखे गए। 36 रोगी की जांच की गई। सभी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल के वार्डों में बुखार के 34 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। जबकि, डेंगू के तीन मरीज भर्ती हैं।