गजरौला। पेट्रोल पंप पर युवक को कार से खींचकर पिटाई करने और जान से मारने की धमकी देने में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित ने 15 हजार रुपये भी छीनने की बात की थी।
सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि टीचर कॉलोनी निवासी ज्ञानेश शर्मा बीते बुधवार रात पत्नी कृतिका को संभल उसके मायके में छोड़कर घर लौट रहे थे। हसनपुर क्षेत्र के गांव मनौटा के पास पहुंचे थे तो सामने से आई कार से साइड लग जाने पर कार सवारों ने पीछा कर उनको खाद गुर्जर मार्ग पर एक पेट्रोल पंप पर कार को रोक लिया था। रहरा थानाक्षेत्र के गांव मछरिया निवासी पप्पू पर आरोप है कि उसने अपने छह साथियों के साथ मिलकर ज्ञानेश के साथ मारपीट की थी।
कार में तोड़फोड़ करने और 15 हजार रुपये छीनने का भी आरोप था। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने पप्पू और उसके छह साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। दो दिन पूर्व पालिका के एक सभासद आरोपियों की पैरवी करने थाने आए थे। इंस्पेक्टर मनोज कुमार से रियायत बरतने को कहा था लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। पुलिस ने रविवार को बुध बाजार से पप्पू को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ ही पुलिस ने हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव दौलतपुर कलां निवासी कासिम उर्फ वसीम उसके भाई नदीम उर्फ सहीम और पिता अब्दुल सलाम को गिरफ्तार कर लिया। चारों का चालान कर दिया गया है।