अमरोहा। नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के धनौरा रोड स्थित ऊंची भूड़ निजामपुर गर्वी में डेढ़ सौ गज का प्लाट बेचने का झांसा देकर पूर्व सपा नेता ने अपने भाई के साथ मिलकर किसान से 10.33 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने एसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाक्षेत्र के गांव पंजूसराय में किसान फारूख का परिवार रहता है। उनका आरोप है की क्षेत्र के एक गांव निवासी पूर्व सपा नेता और उसके भाई का घर आना जाना था। फारूख को एक प्लॉट खरीदना था। तभी सपा नेता और उसके भाई ने धनौरा रोड स्थित ऊंची भूड़ निजामपुर गर्वी में डेढ़ सौ गज का प्लॉट होने की बात कही। प्लॉट का सौदा 15 लाख रुपये में तय हुआ। फारूख ने बयाने के तौर पर तीन लाख रुपये सपा नेता और उसके भाई को दे दिए। इसके बाद 7 जनवरी 2021 को भाई के खाते में 3 लाख 33 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके छह महीने बाद सपा नेता अपने भाई के साथ चार लाख रुपये घर से ले गया। इस तरह दोनों भाइयों ने 10 लाख 33 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद जब फारूख ने प्लॉट का बैनामा कराने के लिए कहा तो दोनों भाई धमकाने लगे। प्लॉट का बैनामा कराने से मना कर दिया। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित फारूख ने मंगलवार को एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायतपत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पूर्व सपा नेता ने आरोपों को निराधार बताया है।