नौगांवा सादात। अवैध रूप से चल रही आरा मशीनों पर वन विभाग की कार्रवाई से क्षेत्र में कौतूहल मचा रहा। इस दौरान कई आरा मशीन संचालक मशीनों को बंद कर गायब हो गए। कार्रवाई के दौरान टीम ने पांच आरा मशीनों से सामान को अपने कब्जे में ले लिया।
क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से आरा मशीनों के संचालन होने की सूचना वन विभाग को मिल रही थी। मंगलवार को डिप्टी रेंजर राजीव वर्मा के निर्देशन में टीम ने अवैध रूप से चल रही मशीनों के लिए छापा मार अभियान चलाया। इस दौरान पांच मशीनें अवैध रूप से चलते पाई गईं। मखदूमपुर में लविश कुमार और अली हसन, पीला कुंड में मुनव्वर और करन सिंह तथा याहियापुर में निजाम की आरा मशीनें अवैध रूप से चलती पाई गईं। जिनके जरूरी सामान को वन विभाग की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया।
डिप्टी रेंजर राजीव वर्मा ने बताया कि सभी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि सभी आरा मशीनों का ध्वस्त करते हुए उनका सामान कब्जे में लिया गया है। बताया कि समय-समय पर पेड़ों के अवैध कटान और उन्हें आरा मशीन पर लाने की सूचना मिलती रही। जिसके चलते कार्रवाई हुई तो पांचों मशीनें अवैध रूप से चलती पाई गईं। संवाद