जीएसटी टीम के विरोध में निकाला पैदल मार्च
अमरोहा। जीएसटी की टीम के द्वारा की जा रही कार्रवाई से व्यापारी परेशान हैं। रविवार को व्यापारियों ने पहले बैठक की, इसके बाद पैदल मार्च निकाल कर प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं व्यापारियों ने जीएसटी की टीम पर बेवजह परेशान करने का आरोप लगाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।
जानकारी देते हुए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि जीएसटी की टीम बीते एक सप्ताह से बाजारों में जाकर दुकानदारों पर कार्रवाई कर रही है। रविवार को अमरोहा शहर में अफवाह उड़ी की लखनऊ से आई जीएसटी विभाग की टीम अमरोहा में कार्रवाई करने वाली है। मामले की सूचना मिलते ही व्यापारी नेता बाजार कटरा में एकत्रित हो गए और जीएसटी विभाग द्वारा की जाने वाली कार्यवाही के विरोध में पैदल मार्च निकालकर नारेबाजी की। व्यापारी संगठन के पदाधिकारियों ने कहा जीएसटी विभाग के अधिकारी कार्रवाई बंद करे। अमरोहा में छापामार कार्रवाई की अफवाह से करीब तीन घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान कुंवर विनीत अग्रवाल, मनोज वर्मा, सतीश चंद सर्राफ, मनोज टंडन, चेतन गुप्ता, इब्राहिम मंसूरी, विशाल गोयल, विवेक अग्रवाल, शार्दुल अग्रवाल, समीर खान, राधेश्याम गुप्ता, योगेश चंद सर्राफ, अशोक रस्तोगी, मोनू यादव संजय अग्रवाल, सुबोध रस्तोगी, अजय चतुर्वादी, सुमित सरन, गुरुचरण सिंह शामिल रहे।