अमरोहा। रक्षाबंधन पर्व को लेकर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ और जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य विनय कुमार के नेतृत्व में सचल दल ने आदमपुर रोड स्थित गारापुर अड्डे और उझारी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
टीम ने गारापुर अड्डे पर जय श्री श्याम स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां मौके पर करीब पांच किलोग्राम मिठाई नष्ट कराई गई। साथ ही खोवा और मिल्क केक के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इसके बाद टीम ने चामुंडा-कनैटा रोड, उझारी स्थित अफजाल डेयरी पर पहुंचकर पनीर का नमूना संग्रहित किया। खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य विनय कुमार ने बताया कि सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार और मनोज कुमार कलश्यान शामिल रहे। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।