अमरोहा। राजधानी दिल्ली के बाद अब अमरोहा में भी चाइनीज बैट-बीएमएस एप के जरिए ई-रिक्शा बंद किए जाने के मामले सामने आने लगे हैं। यूट्यूब पर उपलब्ध वीडियो देखकर शरारती तत्व इस एप का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे शहर में पिछले एक सप्ताह के दौरान करीब 300 ई-रिक्शा अचानक बंद हो गए। बंद पड़े ई-रिक्शा विभिन्न शोरूमों के सर्विस सेंटर पहुंच रहे हैं, जिससे चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ई-रिक्शा वितरक रोहित अग्रवाल ने बताया कि कुछ लोग वीडियो देखकर यह एप डाउनलोड कर चालकों को परेशान कर रहे हैं। उनके शोरूम पर ही पिछले चार-पांच दिनों में 50 से अधिक बंद ई-रिक्शा पहुंचे, जिन्हें दोबारा चालू किया गया। साथ ही चालकों को कंपनी का अधिकृत एप डाउनलोड कर उसके सुरक्षित उपयोग की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि शहर में छह से अधिक ई-रिक्शा वितरक हैं और सभी के यहां ऐसी शिकायतें आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार, बैट-बीएमएस नामक चाइनीज एप के जरिए कमजोर सुरक्षा व्यवस्था वाली लिथियम बैटरी से लैस ई-रिक्शा के बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (बीएमएस) तक ब्लूटूथ के माध्यम से पहुंच बनाई जा सकती है। करीब 10 से 15 मीटर की दूरी से डिफॉल्ट ब्लूटूथ सेटिंग का फायदा उठाकर बिना पासवर्ड के बैटरी को बंद किया जा सकता है, जिससे चलते-चलते ई-रिक्शा ठप हो जाता है। इस एप के दुरुपयोग को लेकर पहले भी गंभीर सवाल उठ चुके हैं। सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते केंद्र सरकार ने इस एप पर कार्रवाई की है। इसके बावजूद सोशल मीडिया और यूट्यूब पर उपलब्ध वीडियो के माध्यम से शरारती तत्व इसका गलत इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे ई-रिक्शा चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि इस तरह की कोई शिकायत सामने नहीं आई है। अगर कोई शिकायत करता है तो कार्रवाई की जाएगी।